पाली में चेटीचंड महोत्सव की तैयारियां तेज, 19 को वाहन रैली और 20 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

पाली : सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान झूलेलाल की जयंती चेटीचंड महोत्सव को लेकर पाली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधु भवन में सिंधी समाज की आम बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव को भव्य रूप से मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और जिम्मेदारियां सौंपी गई।
बैठक की अध्यक्षता पूज्य झूलेलाल मंडल अध्यक्ष देवीदास चंदनानी, सिंधी समाज सेवा समिति अध्यक्ष राजेश पुरशवानी, पूर्व उपमहापौर ललित प्रितमानी और कोकिला नारवानी ने की। मंडल प्रवक्ता जय थावानी ने बताया कि 20 मार्च को चेटीचंड का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 19 मार्च को सुबह 9 बजे वाहन रैली से होगी। यह रैली सिंधी कॉलोनी से रवाना होकर पीएमटी कॉलोनी, पुराना हाउसिंग बोर्ड, नया हाउसिंग बोर्ड, रेलवे स्टेशन, गांधी मूर्ति, सूरजपोल, भैरूघाट और पानी दरवाजा होते हुए पुनः सिंधी कॉलोनी मंदिर पर समाप्त होगी। वाहन रैली का उद्देश्य शहर में रह रहे समाजबंधुओं को चेटीचंड महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण देना है।

20 मार्च को चेटीचंड के अवसर पर सुबह 9 बजे झूलेलाल मंदिर में ध्वजारोहण, आरती और डांडिया नृत्य का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे भव्य शोभायात्रा झूलेलाल मंदिर से रवाना होकर सत्यनारायण मार्ग, गोपीनाथ मंदिर, श्रीनाथजी की पोल, बादशाह झंडा, जर्दा बाजार, सर्राफा बाजार, फतेहपुरिया बाजार और पाली सेवा मंडल होते हुए लाखोटिया तालाब भैरूघाट पर विसर्जित होगी।
दोपहर 1 बजे सिंधु भवन में भंडारे का आयोजन किया जाएगा, वहीं शाम 7 बजे झूलेलाल मंदिर प्रांगण में पंजड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद रात 9:30 बजे से डांडिया नृत्य और मेले का आयोजन किया जाएगा।
21 मार्च को सुबह 9 बजे सिंधु भवन में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। साथ ही महिलाओं और बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। शाम को मेला प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह होगा तथा रात तक डांडिया नृत्य का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव को सफल बनाने में चंद्रप्रकाश साधवानी, सुनील निहलानी, हरीश गुरनानी, नथूमल गंगवानी, राजेश बेलानी, सुरेंद्र निहालानी, दीपक आडवाणी, प्रकाश सिरवानी, राधाकिशन शिवनानी, मनोज तनवानी, निखिल गुलवानी, सुरेश परशवानी, ललित निहलानी, यजुवेंद्र खेमलानी, जितेंद्र हरचंदानी, ललित मोटवानी, दौलत तनवानी, महेश वासवानी, राम बेलानी, किशोर आडवाणी, सुनील श्यामयानी, नितिन सिरवानी, रमेश थावानी, नंद सतवानी, हेमन्त तनवानी, मनोज पारवानी, हरीश आसनानी, प्रेम लोहानी, पार्थ तनवानी, हार्दिक थावानी, वंश आडवाणी सहित कई समाजबंधु और महिला मातृशक्ति से कुसुम लोहानी व नीतू अमरनानी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं से चेटीचंड महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



