जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव का पाली जिला कारागृह में आकस्मिक निरीक्षण, बंदियों से जानी सुविधाओं व समस्याओं की जानकारी

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने जिला कारागृह पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 94 बंदी निरुद्ध पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बंदियों से संवाद कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजन व्यवस्था, चिकित्सीय सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में बंदियों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया।

सचिव भाटी ने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी बंदी निजी अधिवक्ता करने में असमर्थ होने या विधिक सहायता के अभाव में बिना वकील के कारागृह में निरुद्ध न रहे। इस दौरान उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बंदियों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने उन बंदियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की, जिनकी जमानत हो जाने के बाद भी वे किसी कारणवश कारागृह में निरुद्ध हैं। साथ ही बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति के बारे में भी अवगत कराया गया। निरीक्षण के दौरान नवआगंतुक बंदियों से भी बातचीत कर घटना अथवा आरोपित अपराध के समय उनकी आयु से संबंधित जानकारी ली गई।

कारागृह प्रशासन ने बताया कि सभी बंदियों की नियमित रूप से ओपीडी के दौरान स्वास्थ्य जांच की जाती है तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें राजकीय बांगड़ चिकित्सालय पाली रेफर किया जाता है। निरीक्षण के दौरान कारापाल जोराराम, उपकारापाल गुलाबचंद, मेल नर्स जेल डिस्पेंसरी रविंद्र परिहार, सहायक जेल विजिटिंग लॉयर अल्ताफ हुसैन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



