google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बांगड़ अस्पताल में दवाइयों की कमी की खबर भ्रामक, अधीक्षक डॉ. परिहार बोले—मरीजों को मिल रही सभी दवाएं निःशुल्क

पाली : पाली के राजकीय बांगड़ चिकित्सालय में मरीजों को बाजार से दवाइयां खरीदने की खबर को अस्पताल प्रशासन ने भ्रामक और निराधार बताया है। शनिवार को एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित इस खबर का खंडन करते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में मरीजों को सभी आवश्यक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

डॉ. परिहार ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। राजकीय बांगड़ चिकित्सालय को दवाइयों की आपूर्ति जिला औषधि भंडार पाली द्वारा की जाती है और मरीजों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दवाएं दी जाती हैं।

उन्होंने बताया कि यदि चिकित्सकों द्वारा लिखी गई कोई दवा डीडीसी (ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर) में उपलब्ध नहीं होती है तो मरीज की पर्ची पर “दवा उपलब्ध नहीं” की सील लगाकर उसे मेडिकेयर ड्रग स्टोर (कमरा नंबर 32) भेजा जाता है, जहां से संबंधित दवा मरीज को निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

अधीक्षक ने आगे बताया कि यदि मेडिकेयर ड्रग स्टोर में भी कोई दवा उपलब्ध नहीं होती है तो मरीज को उपभोक्ता होलसेल भंडार भेजा जाता है, जहां से भी उसे दवा निःशुल्क प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को पर्ची से लेकर दवाइयां, जांच, एक्स-रे सहित अन्य सभी स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं और किसी भी मरीज को दवाइयां खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

डॉ. परिहार ने प्रकाशित खबर को गलत बताते हुए कहा कि इस तरह की भ्रामक खबरों से मरीजों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा होती है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों को सभी सुविधाएं नियमानुसार और निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button