अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पाली में 40 महिलाओं का सम्मान, कालिका पेट्रोलिंग ऐप का पोस्टर भी हुआ जारी

पाली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को पाली में रोटरी क्लब पाली और महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली के संयुक्त तत्वावधान में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली करीब 40 महिलाओं को सम्मानित किया गया, वहीं 50 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने मेहंदी एवं ड्राइंग प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह देवड़ा ने कहा कि महिलाओं की आत्मरक्षा और सुरक्षा के लिए समाज को सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया है, जो पाली के साथ-साथ सोजत क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं या बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कालिका टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान करती है।
इस अवसर पर कालिका पेट्रोलिंग से संबंधित एक पोस्टर का विमोचन भी किया गया, जिसके माध्यम से महिलाओं को मोबाइल एप के जरिए शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। देवड़ा ने महिलाओं को मानसिक रूप से मजबूत रहने, भयमुक्त जीवन जीने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित राजस्थान पत्रिका के संपादक नागेश शर्मा ने सम्मानित महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब और महिला सुरक्षा सहयोगी समिति समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता, गरीब बच्चों को स्वेटर, मिठाई और खिलौने वितरित करने जैसे कार्यों में इन संस्थाओं की सक्रिय भूमिका रहती है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त गीतकार संतोष रावल ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रेरणादायक गीतों की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित महिलाओं ने खूब सराहा। वहीं पूजा चौधरी और रेखा श्रीमाली ने मारवाड़ी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी तथा प्रिया चौहान ने मोटिवेशनल स्पीच के माध्यम से महिलाओं को प्रेरित किया।
मेहंदी और ड्राइंग प्रतियोगिता में सोनल सिंघवी, तनीषा, ललिता जांगिड़, दिव्यांशी चंडावत, सारिका सिसोदिया और मिताली ने प्रथम से तृतीय स्थान प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किए।
कार्यक्रम का संचालन विनीता अरोड़ा और कुलदीप पंवार ने किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष दिनेशचंद्र मेहता, प्रांतपाल राजेंद्र सुराणा, अर्जुनचंद मेहता, मगराज जैन, धर्मेंद्र मोहनोत, तरुण मेहता, सीमा सुराणा, नितिशा मेहता, सुनीता खंडेलवाल, रामपाल शर्मा सहित महिला सुरक्षा सहयोगी समिति की सचिव अचला शर्मा, कमला शर्मा, आर.डी. वैष्णव, रेखा श्रीमाली, रेणु कंवर, हंसा डागर, सीमा अग्रवाल, जीतू आडवाणी, प्रकाश कुमावत, विकास तंवर, रवि कुमार चौहान और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



