महिला दिवस पर केवीके पाली में कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर हुई चर्चा

पाली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) पाली में SABL परियोजना के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यूरोपीय संघ के सहयोग से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, सशक्तिकरण और समाज में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अटारी जोधपुर से निष्ठा आर्या उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जोधपुर की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पूनम कलाश ने महिलाओं की कृषि क्षेत्र में बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं खेती, पशुपालन और उद्यमिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रधानाचार्या दीपिका ओझा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और जागरूकता समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक महिला परिवार और समाज दोनों को सशक्त बनाती है।
कार्यक्रम में काजरी (CAZRI) पाली के निदेशक मनोज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संस्थागत सहयोग और सामुदायिक प्रयासों को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में ग्राविस पाली से शायबाजखा, हेमलता भाटी और राजूसिंह इंदा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। SABL परियोजना से जुड़े बिंजा, गढ़वाड़ा, चेंडा, सिंगारी और कुलथाना गांवों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में ग्राविस पाली के केंद्र व्यवस्थापक शिवकुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।



