सोजत नगर पालिका की अनोखी पहल, अब QR कोड से ट्रैक होगा हर घर का कचरा, डिजिटल स्वच्छता की ओर बड़ा कदम

पाली/सोजत : स्वच्छता व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में सोजत नगर पालिका ने एक अभिनव पहल करते हुए क्यूआर कोड आधारित वेस्ट ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है। अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में शुरू की जा रही यह तकनीकी व्यवस्था न केवल सोजत बल्कि पूरे राजस्थान के लिए एक मॉडल बन सकती है।
अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने बताया कि पारंपरिक कचरा संग्रहण व्यवस्था में मॉनिटरिंग की कमी और पारदर्शिता की चुनौतियों को देखते हुए इस डिजिटल सिस्टम को लागू किया जा रहा है। उनका कहना है कि अब हर घर से उठने वाले कचरे को डिजिटल रूप से ट्रैक किया जाएगा, जिससे सफाई व्यवस्था में जवाबदेही और कार्यक्षमता दोनों बढ़ेंगी।
यह अत्याधुनिक क्यूआर आधारित सिस्टम गोगार्बेज प्लस के तहत आई-स्टार्ट पंजीकृत स्थानीय स्टार्टअप डिसू इन्नोवेशन्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित किया गया है। इस प्रणाली के अंतर्गत शहर के प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर एक यूनिक क्यूआर कोड लगाया जाएगा। सफाई कर्मचारी कचरा संग्रहण के समय इस कोड को स्कैन करेंगे, जिससे रियल टाइम डेटा नगर पालिका के पोर्टल पर दर्ज होगा और दैनिक मॉनिटरिंग आसान हो जाएगी।

इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक घर का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होगा, कचरा संग्रहण की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा सकेगा। साथ ही डेटा आधारित रिपोर्टिंग और विश्लेषण के जरिए सफाई व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा।
इस पहल का लाभ आम नागरिकों को भी मिलेगा। वे अपने क्षेत्र में कचरा संग्रहण की स्थिति को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत दे सकेंगे। बताया जा रहा है कि राजस्थान में पहली बार किसी नगर पालिका स्तर पर इस तरह का पूर्ण डिजिटल क्यूआर वेस्ट ट्रैकिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है, जिससे अन्य नगर निकायों को भी प्रेरणा मिलेगी।
अचल सिंह गुर्जर ने कहा कि सोजत को स्वच्छ, पारदर्शी और टेक्नोलॉजी आधारित शहर बनाना नगर पालिका का लक्ष्य है। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन की भावना को मजबूत करेगी और राजस्थान में डिजिटल स्वच्छता की नई मिसाल कायम करेगी।

इस तकनीकी पहल के तहत प्रथम क्यूआर कोड और मोबाइल एप्लीकेशन सहित पोर्टल का विमोचन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेंद्र कुमार, प्राधिकरण सचिव विक्रम सिंह भाटी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश गढ़वाल, रिचा चौधरी, सोजत बार काउंसिल अध्यक्ष देवेंद्र व्यास, अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर, स्टार्टअप फाउंडर एवं ब्रांड एंबेसेडर दिनेश उज्जवल, सोजत पुलिस वृत्ताधिकारी रतनाराम देवासी, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, प्रफुल्ल ओझा सहित नगर पालिका, उपखंड कार्यालय, अधिवक्ता गण और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी मौजूद रहे।
स्थानीय स्तर पर विकसित इस स्टार्टअप समाधान ने यह साबित कर दिया है कि नवाचार और प्रशासनिक इच्छाशक्ति मिलकर शहर की तस्वीर बदल सकते हैं। सोजत अब राजस्थान में डिजिटल स्वच्छता क्रांति का अग्रदूत बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है।



