महिला दिवस पर नवोदय विद्यालय की पहल, छात्राओं को कराया ऐतिहासिक आऊवा का शैक्षणिक भ्रमण

पाली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर द्वारा छात्राओं के लिए विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डीसी गुप्ता की पहल पर छात्राओं को ऐतिहासिक स्थल आऊवा का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े इतिहास और वीरों के योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान शिक्षिका विधि शर्मा, सीमा, सुनीता कुमारी और लक्ष्मी साहू के मार्गदर्शन में छात्राओं ने आऊवा के ऐतिहासिक महत्व को समझा। इस दौरान उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी कुशाल सिंह जी के ऐतिहासिक किले का भी अवलोकन किया और उनके साहस एवं देशभक्ति के बारे में जाना।
छात्राओं को इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगनाओं रानी लक्ष्मीबाई और झलकारी बाई के शौर्य और बलिदान की कहानियां भी बताई गईं। शिक्षकों ने बताया कि इन वीरांगनाओं ने देश की आजादी के लिए अद्भुत साहस का परिचय दिया, जो आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विद्यालय के प्राचार्य डीसी गुप्ता ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ इतिहास और संस्कृति से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सकें और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर छात्राओं को ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण कराना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस भ्रमण में विद्यालय के छात्र भी शामिल हुए और सभी ने आऊवा के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर छात्राओं ने भ्रमण को यादगार बताते हुए कहा कि इतिहास को नजदीक से जानने का यह अनुभव उनके लिए प्रेरणादायक रहा। विद्यालय परिवार की इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।



