मुकनपुरा तालाब में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ ने किया बरामद, रातभर चला सर्च ऑपरेशन

पाली : पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र के ग्राम मुकनपुरा में तालाब में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बरामद कर लिया। युवक रविवार को स्नान करते समय तालाब में डूब गया था, जिसकी तलाश के लिए प्रशासन और ग्रामीणों ने काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पाली से मुकनपुरा गांव के तालाब में एक युवक के डूबने की सूचना एसडीआरएफ राजस्थान कंट्रोल रूम जयपुर को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देश पर आपदा राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ एफ कंपनी जोधपुर की रेस्क्यू टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

रेस्क्यू टीम प्रभारी हेड कांस्टेबल ओमसिंह के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम सोमवार सुबह करीब 9 बजे आवश्यक राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जांच में सामने आया कि रविवार दोपहर स्नान के दौरान युवक तालाब में डूब गया था।
तालाब की लंबाई लगभग 500 मीटर, चौड़ाई करीब 200 मीटर और गहराई 10 से 16 फीट होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। एसडीआरएफ टीम ने मोटर बोट की सहायता से पानी को हिलाते हुए बांस, बिलाई रेस्क्यू रोप और लाइफ बॉय जैसे उपकरणों के माध्यम से गहन तलाशी अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर टीम को सफलता मिली और तालाब में डूबे युवक दिनेश खान पुत्र गन्नी खान (21) निवासी मुकनपुरा, थाना रोहट, जिला पाली का शव बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तालाबों और जलाशयों में स्नान करते समय सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।



