महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर ‘शक्ति ऑन व्हील’ कार रैली पहुंचेगी पाली, जिला कलेक्टर करेंगे रवाना

पाली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘शक्ति ऑन व्हील’ कार रैली 10 मार्च को पाली पहुंचेगी। रोटरी क्लब पाली द्वारा इस रैली का भव्य स्वागत किया जाएगा, जबकि 11 मार्च को जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री रैली को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना करेंगे।
रोटरी क्लब अध्यक्ष दिनेशचंद्र मेहता और सचिव वर्धमान भंडारी ने बताया कि रोटरी अंतर्राष्ट्रीय 3056 की प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता ने 8 मार्च को जयपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब जयपुर पर्ल द्वारा आयोजित इस कार रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
चार दिन तक चलने वाली यह रैली राजस्थान के 10 जिलों — जयपुर, दौसा, टोंक, बूंदी, कोटा, झालावाड़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा — से गुजरते हुए सांवरिया सेठ के दर्शन करेगी। इसके बाद 10 मार्च को रैली पाली, अजमेर और दूदू होते हुए 11 मार्च को वापस जयपुर पहुंचेगी।
राजकुमार मेड़तिया ने बताया कि 10 मार्च को पाली में होटल सिगड़ी में रैली का स्वागत किया जाएगा, जहां प्रतिभागियों के लिए डिनर का आयोजन किया जाएगा और रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी रोटरी क्लब पाली की ओर से की जाएगी।

ताराप्रकाश खंडेलवाल ने बताया कि 11 मार्च को सुबह 9:30 बजे जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली पाली में रोटरी क्लब से शुरू होकर जयनारायण व्यास सर्कल, सूरजपोल, अंबेडकर सर्कल और शिवाजी सर्कल होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग से आगे बढ़ेगी।
रोटरी क्लब के प्रांतीय सचिव पवन जैन ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना, उन्हें जागरूक करना और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर चौपाल आयोजित कर महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रैली में शामिल सभी वाहनों को महिलाएं ही संचालित करेंगी, जिससे समाज में महिलाओं की क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व का सकारात्मक संदेश जाएगा।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रामपाल शर्मा, अर्जुनचंद मेहता, प्रवीण कोठारी, मनीष भंडारी, कल्याण देसरला, सहायक प्रांतपाल राजेंद्र सुराणा, सुनीता खंडेलवाल, सीमा सुराणा, प्रियंका भंडारी, सीमा देसरला और राजकुमार मेड़तिया सहित कई सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।



