google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली की नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने संभाग स्तरीय क्विज में लहराया परचम, अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिनिधित्व

पाली : चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय प्री-सर्विस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पाली जिले की नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। पाली के राजकीय बांगड़ चिकित्सालय में संचालित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं ने जोधपुर संभाग में विजेता बनकर जिले का नाम रोशन किया है।

सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि एनएचएम के राज्य स्तरीय प्री-सर्विस एजुकेशन प्रकोष्ठ द्वारा प्रतिवर्ष तीन चरणों में यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसके तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता 10 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न जिलों में संचालित नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। जिला स्तर पर प्रथम दो स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया गया।

सोमवार को जोधपुर के राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय स्थित स्कूल ऑफ नर्सिंग में जोधपुर संभाग की प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, जालोर और सिरोही जिलों की कुल 12 टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच पाली जिले के एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य के.सी. सैनी और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की तैयारी करने वाली प्रशिक्षणार्थी नीतु सुथार और पूजा को संभाग स्तर पर विजेता घोषित किया गया। अब यह दोनों प्रशिक्षणार्थी आगामी 13 मार्च को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जोधपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने बताया कि राज्य स्तर पर मिशन निदेशक डॉ. अमित यादव, निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रतेश्वर, परियोजना निदेशक मातृ स्वास्थ्य डॉ. तरुण चौधरी और प्री-सर्विस एजुकेशन के कंसल्टेंट अरविंद बाजिया के मार्गदर्शन में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल नर्सिंग प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता बढ़ाने और प्रशिक्षणार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सातों संभागों से विजेता टीमें भाग लेंगी। विजेता प्रतिभागियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

संभाग स्तर पर पाली जिले की टीम के विजेता बनने पर एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में छात्राओं का सम्मान किया गया। इस दौरान प्रशिक्षक कमल किशोर गहलोत, रेखा चौधरी, दिनेश कुमार, महेंद्र कुमार और कोल्ड चेन तकनीशियन राजाराम रोपिया सहित सभी प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।

प्रधानाचार्य सैनी ने बताया कि विजेता छात्राओं को आगामी जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी सम्मानित करने के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध किया जाएगा, ताकि अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिल सके और उनका उत्साहवर्धन हो सके।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button