पाली के जाडन में 14-15 मार्च को राज्य स्तरीय अधिवक्ता कॉन्फ्रेंस, प्रदेशभर के वकील करेंगे अहम मुद्दों पर मंथन

पाली। ऑल राजस्थान एडवोकेट फेडरेशन के तत्वावधान में 14 और 15 मार्च को पाली जिले के जाडन स्थित ओम आश्रम में राज्य स्तरीय अधिवक्ता कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अधिवक्ता भाग लेंगे और अधिवक्ताओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बुधवार को कोर्ट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बार एसोसिएशन पाली के अध्यक्ष एडवोकेट पी.एम. जोशी ने बताया कि कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिवक्ताओं को पेशे में आने वाली समस्याओं, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा अधिवक्ता हितों को मजबूत बनाने के लिए व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान राजस्थान के अधिवक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों की विशेष सेमिनार भी आयोजित होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया जाएगा। सेमिनार में प्रमुख रूप से प्रत्येक जिले से बार काउंसिल सदस्य का निर्वाचन सुनिश्चित करने, जिला स्तर के अधिवक्ताओं को उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद पर एलिवेशन देने, अधिवक्ता वेलफेयर राशि में पारदर्शिता के साथ बढ़ोतरी करने तथा युवा अधिवक्ताओं को वेलफेयर फंड से स्टाइपेंड प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।
इसके अलावा टार्गेटेड केस प्रक्रिया में आ रही समस्याओं के समाधान, अधिकरणों और लोक अदालतों में केवल प्रैक्टिसिंग अधिवक्ताओं को सामाजिक प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त करने, स्थानीय अधिवक्ताओं के सत्यापन के लिए स्थानीय अधिवक्ता संगठनों को मान्यता देने तथा बार काउंसिल की बैठक प्रत्येक जिला मुख्यालय पर आयोजित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
कॉन्फ्रेंस में प्रत्येक जिला मुख्यालय पर बार काउंसिल की शाखा खोलने, शीतकालीन अवकाश के दौरान जिला स्तर पर न्यायिक अधिकारियों को शीतकालीन मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त करने, न्यायिक अधिकारियों के आदेशों की सतर्कता समिति द्वारा जांच की व्यवस्था तथा न्यायिक आदेशों की जवाबदेही सुनिश्चित करने जैसे प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

कॉन्फ्रेंस के सचिव मुकुल सोनी ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने के लिए अधिवक्ताओं के ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
प्रेस वार्ता के दौरान एडवोकेट सुमेर सिंह राजपुरोहित, कमलेश दवेरा, जब्बरसिंह, योगेन्द्र ओझा, भागीरथ सिंह, कुन्दन चौहान, सद्दाम काजी, प्रवीण साहू, मुकेश आर्य, दीपक सोनी, गौरव, अल्ताफ हुसैन, हिमांशु, सूर्यप्रकाश, विकास, उमेश, रमेश मेवाड़ा, अर्जुन राठौड़, कुसुमलता, मोनिका, डिम्पल, देवेंद्र और गिरिश सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।



