कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग में आमीन अली रंगरेज को बड़ी जिम्मेदारी, बने प्रदेश संयुक्त सचिव

पाली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने संगठन का विस्तार करते हुए कांग्रेस के युवा नेता और पूर्व पार्षद आमीन अली रंगरेज को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है।
आमीन अली रंगरेज लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। उनकी संगठनात्मक सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त प्रदेश संयुक्त सचिव आमीन अली रंगरेज ने नियुक्ति के बाद प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे पूरी लगन और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।



