google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

आलावास में सामूहिक विवाह सम्मेलन, 11 जोड़े बंधे वैवाहिक सूत्र में, मंत्रियों ने दिया आशीर्वाद

पाली : पाली जिले के सोजत उपखंड स्थित आलावास गांव में गुरुवार को भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें 11 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इस अवसर पर प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं की उपस्थिति में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, पाली जिला प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और सोजत विधायक शोभा चौहान सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि दाती महाराज द्वारा कन्याओं को वैवाहिक बंधन में जोड़ने का यह पुण्य कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने दाती महाराज के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे गौ सेवा से लेकर कन्या शिक्षा तक विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

वहीं पाली जिला प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सहयोग और एकता की भावना मजबूत होती है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से अनावश्यक खर्चों में कमी आती है और बचाई गई राशि को बच्चों की शिक्षा व जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किए और उनके माता-पिता को बधाई दी।

यह कार्यक्रम दाती सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में श्री श्री 1008 श्री शनिधाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर परमहंस निजस्वरूपानंदपुरी महाराज (दाती जी महाराज) की कृपा से संपन्न हुआ। सम्मेलन के दौरान कन्याओं और वरों का सामूहिक विवाह विधिवत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे और सोजत विधायक शोभा चौहान ने समाज के लोगों से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में पाली और जोधपुर में छात्रावास निर्माण के प्रयास भी किए जाएंगे।

कार्यक्रम में लोनी (उत्तर प्रदेश) के विधायक नंद किशोर गुर्जर, संत-महात्मा, समाज के जनप्रतिनिधि, वर-वधू के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button