राजस्थान दिवस पर पाली में स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत 14 मार्च से, लाखोटिया उद्यान से होगा अभियान का शुभारंभ

पाली : राजस्थान दिवस के अवसर पर पाली जिले में 14 मार्च से स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान का शुभारंभ शहर के लाखोटिया उद्यान से किया जाएगा। जिला कलक्टर एन.एन. मंत्री के निर्देशानुसार जिलेभर में स्वच्छता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर ने स्वच्छता सप्ताह के सफल आयोजन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम आयुक्त और सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को सक्रिय रूप से शामिल करते हुए जिले में स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
स्वच्छता सप्ताह के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे, ताकि आमजन को स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक किया जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।



