सहकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक, पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ – एडीएम ओम प्रभा

पाली : जिला सहकारी समिति से जुड़ी विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, प्राप्त आवेदनों की स्थिति तथा उनके निस्तारण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एडीएम ओम प्रभा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों की प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूरी की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर अधिक से अधिक किसानों और आमजन को इनका लाभ पहुंचाया जाए।

समीक्षा बैठक के दौरान राज उन्नति, नवाचार, सहकार से समृद्धि योजना, पीएम केसरी, अन्न भंडार योजना, किसान समृद्ध योजना, एनसीएन, एनसीओएल तथा एनसीईएस जैसी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों से इन योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत मामलों और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीएम ने विशेष रूप से एनसीएल योजना में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने नाबार्ड से संबंधित गतिविधियों और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी जानकारी लेते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

बैठक में पाली सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, पाली के प्रबंध निदेशक प्रशांत कल्ला, सरस डेयरी की उप प्रबंधक सोहनी देवी, रसद अधिकारी कमल पंवार, सहायक मत्स्य विकास अधिकारी नयन चौहान, नाबार्ड के डीडीएम विपिन, जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



