पीएम किसान उत्सव दिवस, देशभर के 9 करोड़ किसानों को मिली 22वीं किश्त, पाली में भी किसानों ने देखा लाइव प्रसारण

पाली : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस अवसर पर असम के गुवाहाटी से आयोजित कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट देशभर में प्रसारित किया गया। पाली जिले में इसका सीधा प्रसारण सभी ग्राम पंचायतों और कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) पाली में किया गया, जहां किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम देखा।
इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी कर किसानों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई। दि पाली सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, पाली के जिला नोडल अधिकारी (पीएम किसान) एवं प्रबंध निदेशक प्रशांत कल्ला ने बताया कि पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों को डीबीटी के माध्यम से 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इसमें राजस्थान के 66.76 लाख किसानों को भी योजना का लाभ मिला।

पाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना से जुड़ी जानकारी भी दी गई और उन्हें कृषि विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ मुकेश चौधरी, केवीके पाली के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. मनोज कुमार, केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक प्रशांत कल्ला, उप रजिस्ट्रार सहकारिता जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र चारण सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



