पाली : गैस एजेंसियों और होटलों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, 5 घरेलू व 13 व्यावसायिक सिलेंडर भट्टी सहित जब्त

पाली : जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने शुक्रवार को पाली शहर में गैस एजेंसियों के गोदामों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं पर सख्ती दिखाई। जांच टीम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) ओमप्रभा, उप पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर, उप जिला कलक्टर विमलेन्द्र राणावत और जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाली शहर स्थित मैसर्स लक्ष्मी इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालक को ऑयल कंपनी से प्राप्त सिलेंडरों की नियमित होम डिलीवरी सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि नहीं वसूलने तथा बुकिंग के अनुसार ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद टीम ने पणिहारी चौराहा स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेंट और नया बस स्टैंड स्थित केसर रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां प्रतिष्ठान संचालकों को घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नहीं करने और व्यावसायिक सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी नहीं करने के सख्त निर्देश दिए गए।
प्रशासन की कार्रवाई जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रही। रानी और सुमेरपुर उपखंड क्षेत्रों में सात व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 5 घरेलू गैस सिलेंडर और 13 व्यावसायिक गैस सिलेंडर भट्टी सहित जब्त किए गए। वहीं जिलेभर में 11 गैस एजेंसियों का निरीक्षण भी किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रिफिलिंग, अवैध भंडारण, अधिक कीमत पर बिक्री और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 तथा एलपीजी आपूर्ति विनियमन आदेश 2000 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला रसद विभाग के अनुसार पाली जिले में प्रतिदिन करीब 7 हजार गैस सिलेंडरों की मांग रहती है, जबकि वर्तमान में जिले में 13 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्लांट से गैस एजेंसियों को निरंतर आपूर्ति जारी है।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए 181, 112, उपभोक्ता हेल्पलाइन 14435 या जिला रसद कार्यालय पाली के कंट्रोल रूम नंबर 02932-251007 पर संपर्क कर सकते हैं।



