राजस्थान दिवस पर पाली में स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत, लाखोटिया उद्यान में श्रमदान कर हटाया 10 ट्रॉली कचरा

पाली : राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर पाली में स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत शनिवार को लाखोटिया उद्यान में श्रमदान कार्यक्रम के साथ हुई। इस अभियान के तहत नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर शहर को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम कर्मचारियों को रंगमंच मैदान, अटल उद्यान, लाखोटिया गार्डन, गौघाट और माली समाज रोड सहित विभिन्न स्थानों पर तैनात कर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। वहीं रंगमंच मैदान में आमजन और अधिकारियों ने मिलकर श्रमदान किया। साथ ही जिले की अन्य नगरीय निकायों में भी स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।

नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि सफाई अभियान के दौरान करीब 10 ट्रॉली कचरा, प्लास्टिक और मलबा हटाया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सप्ताह के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर स्वच्छता को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व नगर परिषद सभापति महेंद्र बोहरा ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई, जबकि एडीएम (सीलिंग) ओमप्रभा ने सभी को नियमित रूप से स्वच्छता श्रमदान करने और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

अधिकारियों के अनुसार स्वच्छता सप्ताह के तहत आगामी सात दिनों में उद्यानों, जलस्रोतों, धार्मिक स्थलों और नगर निगम कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक की जब्ती और आमजन को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्रमदान कार्यक्रम में पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, मुकेश चौधरी (मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद), एडीएम ओमप्रभा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, अधिशासी अभियंता जितेंद्र सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी कलीम अशरफ, सचिव पुरुषोत्तम पंवार, राजस्व अधिकारी राम, एटीपी इंद्रजीत, निजी सहायक जगदीश कुमावत, स्वास्थ्य निरीक्षक लोकेश जैन सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई कर्मचारी, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




