पाली को मिली नई पुलिस अधीक्षक, मोनिका सैन संभालेंगी जिले की कमान, आदर्श सिधु का जयपुर तबादला

पाली। राज्य सरकार ने शुक्रवार देर रात 64 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी करते हुए पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। इसी क्रम में मोनिका सैन को पाली जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है।
मोनिका सैन वर्तमान में हाड़ी रानी बटालियन, अजमेर में कमांडेंट के पद पर कार्यरत थीं। सरकार के आदेश के बाद अब उन्हें पाली जिले की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थानांतरण को लेकर जिले में पुलिस महकमे में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू होगी।
वहीं वर्तमान पाली एसपी आदर्श सिधु का तबादला कर उन्हें पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस आर्म्ड बटालियन, जयपुर के पद पर लगाया गया है।
इसके अलावा राज्य सरकार ने अन्य जिलों में भी पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। सिरोही एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान को एसपी सीआईडी एसपी-2 एसीबी, जयपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं जयपुर एसीबी एसपी पद पर कार्यरत पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को सिरोही जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई नियुक्तियों के बाद संबंधित जिलों में जल्द ही अधिकारी अपने पदभार ग्रहण करेंगे।



