जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: पाली में डिजिटल मकान सूचीकरण पर समीक्षा बैठक, 1 मई से शुरू होगा पहला चरण

पाली : आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकानों की गणना और मकान सूचीकरण की तैयारियों को लेकर पाली जिले में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला, तहसील और नगर चार्ज स्तर पर नियुक्त 18 नियमित सहायकों के कार्यों की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला सांख्यिकी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उप जिला जनगणना अधिकारी राजेन्द्र कुमार टांक ने की। इस दौरान जनगणना कार्यों की प्रगति, तैयारियों और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जनगणना निदेशालय जयपुर के सहायक निदेशक दिनेश रैगर जिले में चल रही तैयारियों की मॉनिटरिंग करेंगे और प्रत्येक कार्य की रिपोर्ट तैयार कर जनगणना निदेशालय जयपुर को भेजेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार जनगणना 2027 का प्रथम चरण 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक आमजन की भागीदारी से संपन्न होगा। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक फील्ड कार्य के तहत घर-घर जाकर मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल मकान सूचीकरण किया जाएगा।
पूरी जनगणना प्रक्रिया सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी तथा इसी पोर्टल के जरिए इसकी निगरानी भी की जाएगी। बैठक में अधिकारियों ने जिला स्तर पर निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए नियमित सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश डाबी, नगर निगम पाली के एटीपी इन्द्रजीत पंचारिया सहित जिला जनगणना सेल के सभी कार्मिक और चार्ज स्तर के नियमित सहायक उपस्थित रहे।



