पाली में हेपेटाइटिस जागरूकता शिविर: 100 से अधिक लोगों की हुई निःशुल्क जांच, स्वास्थ्य विभाग ने दी बचाव की जानकारी

पाली : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित नेशनल वायरल हेपेटाइटिस प्रोग्राम के तहत सोमवार को पाली शहर के न्यू बस स्टैंड के पास केशव नगर स्थित भैसागर माताजी मंदिर परिसर में एक दिवसीय आउटरीच चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि चिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। साथ ही लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक भी किया गया।

शिविर में चिकित्सा टीम ने आने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों को हेपेटाइटिस से बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षित जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ और लैब तकनीशियन की टीम मौजूद रही, जिन्होंने सामान्य बीमारियों की जांच कर दवाइयों का वितरण भी किया और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी।

इस स्वास्थ्य शिविर में 100 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। स्थानीय लोगों ने इस तरह के स्वास्थ्य शिविर को जनहित में उपयोगी पहल बताते हुए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।




