राजस्थान युवा शक्ति दिवस पर पाली में तम्बाकू विरोधी अभियान तेज, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

पाली : राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत राजस्थान युवा शक्ति दिवस के अवसर पर जिला परिषद सभागार में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना रहा।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि युवाओं को तम्बाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक करना इस कार्यक्रम की प्राथमिकता रही। इस दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग और एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रिंसिपल के.सी. सैनी ने उपस्थित नवचयनित कार्मिकों को तम्बाकू के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में तम्बाकू मुक्त समाज की दिशा में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिनमें— तम्बाकू उत्पादों के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाना, तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थानों की गाइडलाइन की पालना, तम्बाकू मुक्त गांव की अवधारणा को प्रोत्साहन, सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम और ई-सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 का प्रभावी क्रियान्वयन, मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाना
कार्यक्रम में नवचयनित युवा कार्मिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और तम्बाकू नियंत्रण गतिविधियों में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई तथा समाज में तम्बाकू के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।



