
पाली : राजकीय विधि महाविद्यालय, पाली की प्रतिभाशाली छात्रा हिमांशी जोशी ने राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे राजस्थान में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर उन्हें ₹11,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) तपन पुरोहित ने बताया कि ‘आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी’ तथा ‘विकसित भारत 2047’ विषयों पर यह प्रतियोगिता प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में आयोजित की गई थी।
हिमांशी, जो कि विधि प्रथम वर्ष की छात्रा हैं, ने पहले जिला और संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और इसके बाद राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
उनकी इस सफलता से राजकीय विधि महाविद्यालय, पाली सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।



