पाली के दिव्यांग स्काउट्स का राष्ट्रीय मंच पर चयन, पहली बार 10 सदस्यीय दल हरियाणा में दिखाएगा प्रतिभा

पाली : पाली जिले के लिए गर्व की बात है कि दिव्यांग स्काउट्स का एक दल पहली बार राष्ट्रीय स्तर की गतिविधि में भाग लेने जा रहा है। राजस्थान राज्य Bharat Scouts and Guides जिला मुख्यालय पाली के स्थानीय संघ कंटालिया से जुड़े महावीर मूक बधिर विद्यालय, सिरियारी के 8 स्काउट्स और 2 यूनिट लीडर का चयन नेशनल लेवल ‘अग्नूरी’ कार्यक्रम के लिए किया गया है।
सीओ स्काउट गोविन्द मीना ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तरीय आयोजन 27 से 31 मार्च 2026 तक नेशनल यूथ कॉम्प्लेक्स गढ़पुरी में आयोजित होगा, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से दिव्यांग स्काउट्स अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

इस शिविर में राजस्थान के चार जिलों से स्काउट्स भाग ले रहे हैं, जिनमें पाली जिले का प्रतिनिधित्व विशेष रूप से महावीर मूक बधिर विद्यालय के चयनित प्रतिभागी करेंगे। चयनित स्काउट्स में मुकेश गुर्जर, दुर्योधन सिंह, जोताराम, राकेश देवासी, महेश, टिक्कम सिंह, जितेंद्र और जसवंत सिंह शामिल हैं, जबकि यूनिट लीडर के रूप में सुरेश कुमार मेवाड़ा और देवी लाल शर्मा साथ रहेंगे।
सीओ गाइड डिंपल दवे ने बताया कि इस राष्ट्रीय शिविर में स्काउट्स को आर्ट एंड क्राफ्ट, रंगोली, रिदम एक्टिविटी, गेम्स, बेसिक स्काउट स्किल्स, फर्स्ट एड, ट्रैफिक रूल अवेयरनेस, नेचर वॉक, गार्डनिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैंसी ड्रेस सहित कई गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की संस्कृति को जानने और अपनी संस्कृति प्रस्तुत करने का भी मौका मिलेगा।
पाली जिले के दिव्यांग स्काउट्स का यह पहला राष्ट्रीय स्तर का प्रतिनिधित्व है, जिससे जिले में उत्साह का माहौल है। चयनित प्रतिभागियों को जिला मुख्य आयुक्त, प्रशिक्षण आयुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।



