पाली : घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा, 5 सिलेंडर जब्त, प्रशासन सख्त

पाली : जिला कलक्टर एल एन मंत्री के निर्देशन में गठित जांच दल ने गुरुवार को पाली शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग का खुलासा किया। संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।

जिला रसद अधिकारी कमल पंवार ने बताया कि सिपाहियों के मोहल्ले में एक मकान में रंगाई-छपाई कार्य में 3 घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था, जबकि मिल गेट स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान में 2 सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। दोनों मामलों में सिलेंडर जब्त कर संबंधित दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
प्रशासन ने मौके पर ही व्यापारियों को चेतावनी दी कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करें और व्यावसायिक सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही टीम ने शहर की गैस एजेंसियों का भी औचक निरीक्षण किया। उपभोक्ताओं से गैस आपूर्ति और बुकिंग व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया तथा एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि सिलेंडर वितरण FIFO सिस्टम और OTP सत्यापन के जरिए ही किया जाए।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध रिफिलिंग, जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक दामों पर बिक्री जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसी किसी भी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 181, 112, 14435 या जिला रसद कार्यालय के कंट्रोल रूम पर संपर्क करें। यह कार्रवाई शहर में गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।



