पाली में सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय पर जोर

पाली : पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने बांगड़ अस्पताल स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रबंधक देवी बामणिया से सेंटर की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं, लंबित प्रकरणों एवं उनके फॉलोअप की विस्तृत जानकारी ली गई। साथ ही केस रजिस्टर, केस फाइल और आगंतुक रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया गया।

सचिव भाटी ने निर्देश दिए कि जरूरतमंद महिलाओं को हर संभव सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए तथा जिन मामलों में विधिक सहायता अपेक्षित हो, उनमें नि:शुल्क कानूनी सहायता के लिए प्राधिकरण को तुरंत आवेदन भेजा जाए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सेंटर में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे बिना किसी झिझक अपनी समस्याएं रख सकें। इस दौरान कुन्ती बाला, राजसिंह और विक्रम चौधरी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। यह निरीक्षण महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



