पाली में स्काउट-गाइड का प्रकृति अध्ययन शिविर शुरू, ईको वाटिका बनाकर दे रहे पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में बजरंग बाड़ी स्थित जिला प्रशिक्षण केंद्र पर 26 मार्च से जिला स्तरीय प्रकृति अध्ययन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में रोवर-रेंजर द्वारा श्रमदान कर ईको वाटिका तैयार की जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
सीओ स्काउट गोविन्द मीना ने बताया कि 24 से 28 मार्च तक आयोजित राष्ट्रपति एवं राज्य पुरस्कार स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर प्रशिक्षण शिविर में कुल 124 संभागी भाग ले रहे हैं।
सीओ गाइड डिंपल दवे ने जानकारी दी कि पांच दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार के पाठ्यक्रम अनुसार ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, टेंट पिचिंग और सेवा कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

शिविर के दौरान रोवर-रेंजर द्वारा प्रशिक्षण केंद्र परिसर में श्रमदान कर ईको वाटिका विकसित की जा रही है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।
इस प्रशिक्षण शिविर में पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, लीला जैन, ताराचंद जैन, मोहन सिंह राठौड़, दौलत सिंह, करमा राम, विशाल, हिम्मत पटेल, नसीम बानो, विश्वा परमार और जयपाल सिंह सहित अनुभवी प्रशिक्षक प्रशिक्षण दे रहे हैं।



