google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

सुमेरपुर में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का सख्त एक्शन, अपराध पर लगाम और मूलभूत सुविधाएं सुधारने के दिए निर्देश

पाली : पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर प्रवास के दौरान देर रात अपने निजी आवास पर अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था और शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर सख्त निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री कुमावत ने शहर में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर चिंता जताते हुए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बाइक चोरी, एमडी नशे की बिक्री और स्पा सेंटरों पर अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को सतर्क रहने को कहा।

उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने और जिन क्षेत्रों में लाइटें नहीं हैं वहां नई लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया।

चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उप जिला चिकित्सालय में जल्द ही डायलिसिस सुविधा शुरू करने की जानकारी दी गई। मंत्री ने आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और नए अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को गति देने के निर्देश दिए।

बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग और पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए बजट में स्वीकृत सड़कों का निर्माण समयबद्ध पूरा करने, गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रशासनिक कार्यों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया गया।

पेयजल व्यवस्था को लेकर मंत्री कुमावत ने गर्मी के मद्देनजर खराब हैंडपंपों की मरम्मत, जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूरा करने और अधूरे कनेक्शन जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। बिजली समस्याओं के समाधान के लिए मोबाइल नंबर जारी करने और लो-वोल्टेज वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की बात भी कही।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि अनोप सिंह, पूनम सिंह परमार, एसडीएम कालूराम कुम्हार, बीडीओ प्रमोद दवे, डीवाईएसपी जितेंद्र सिंह, डिस्कॉम के एक्सईएन राकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button