पाली : PNG गैस को बढ़ावा, कलेक्टर एलएन मंत्री की अपील—31 मार्च तक कनेक्शन पर विशेष छूट का मौका

पाली : जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने आमजन से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन अपनाने की अपील करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ऊर्जा की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया है।
पाली शहर, सुमेरपुर, सांडेराव और फालना में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) द्वारा घरेलू पाइपलाइन के माध्यम से 24 घंटे गैस आपूर्ति की जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में PNG लाइन उपलब्ध है, वहां के निवासी जल्द से जल्द कनेक्शन के लिए पंजीकरण करवाएं।
उन्होंने यह भी अपील की कि जो उपभोक्ता पहले से PNG कनेक्शन ले चुके हैं, वे अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करें ताकि सभी को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
31 मार्च तक विशेष ऑफर का लाभ
PNG R.B. 2.0 योजना के तहत नए कनेक्शन पर विशेष छूट दी जा रही है। उपभोक्ता मात्र 5000 रुपये में लाइफटाइम मेंबरशिप के साथ रिफंडेबल सिक्योरिटी जमा कर कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। 31 मार्च तक आवेदन करने पर 2000 रुपये तक की अतिरिक्त छूट का लाभ भी मिलेगा।
आसान दस्तावेज और सुविधा
नए कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, बिजली बिल और मोबाइल नंबर जैसी सामान्य जानकारी से आवेदन किया जा सकता है। कंपनी द्वारा ऑफलाइन सुविधा के तहत कॉल करने पर कर्मचारी घर जाकर पंजीकरण भी कर रहे हैं।
किस्तों में भुगतान की सुविधा
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न भुगतान विकल्प उपलब्ध हैं—
500 रुपये की 14 मासिक किश्तों में सुरक्षा राशि जमा करने की योजना
5 वर्षों में 100 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से भुगतान विकल्प
दैनिक शुल्क योजना के तहत प्रतिदिन 1 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) का भुगतान
इन विकल्पों के जरिए हर वर्ग के लोग आसानी से PNG कनेक्शन ले सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए IGL कंट्रोल रूम पाली के नंबर +91 7428769761 या हेल्पलाइन 18001025109 पर संपर्क किया जा सकता है। कलेक्टर ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में PNG अपनाने की अपील करते हुए इसे सुलभ, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा विकल्प बताया।



