
पाली : राजस्थान बॉक्सिंग संघ के तत्वावधान में राजगढ़ (चूरू) में आयोजित राज्य स्तरीय यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप (27 से 29 मार्च 2026) में पाली जिले के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में तेजस व्यास ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं सोजत के लोकेश राठौड़ ने 90 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर पाली जिले को गौरवान्वित किया।
टीम के साथ कोच के रूप में दिलीप गहलोत और प्रवीण पिहाल तथा मैनेजर शंकर पटेल उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
पाली लौटने पर जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा द्वारा खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर नरेश पांडे, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज सुमन कुमारी, बॉक्सिंग कोच आत्माराम सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पाली के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है और युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है।



