रावणा राजपूत समाज में संगठन विस्तार, किशोर सिंह सांखला बने कार्यवाहक तहसील अध्यक्ष, युवाओं को जोड़ने पर जोर

पाली : जिला मुख्यालय के सोजत रोड स्थित कोट मोहल्ला में बने रावणा राजपूत समाज भवन में शुक्रवार को समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में तहसील स्तर पर संगठन को पुनर्गठित करने और उसे सक्रिय बनाने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक जिलाध्यक्ष परमेन्द्र सिंह परिहार, दुर्गा सिंह केशावत एवं वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश सिंह गहलोत ने संयुक्त रूप से की।
निवर्तमान जिला महासचिव मदन सिंह इंदा ने बताया कि लंबे समय से निष्क्रिय चल रहे तहसील स्तरीय संगठन को पुनः सक्रिय करने के लिए सर्वसम्मति से सोजत रोड निवासी शिक्षाविद् किशोर सिंह सांखला को कार्यवाहक तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

जिलाध्यक्ष परिहार ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए नव-नियुक्त अध्यक्ष को शीघ्र कार्यकारिणी गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के सक्रिय और समर्पित लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
बैठक में जय सिंह सांखला, दलपत सिंह सांखला, गजेन्द्र सिंह गहलोत, हरि सिंह भायल, मुकन सिंह, गणपत सिंह सांखला, भंवर सिंह साण्डिया, सुरेन्द्र सिंह खोखरा सहित कई समाजबंधु उपस्थित रहे। बैठक में समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।



