
पाली/बेंगलुरु : पाली जिले से घूमने गए एक युवक की कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक पर लोहे के सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार रोहट क्षेत्र के दिवांदी गांव निवासी दलाराम पटेल (27) करीब 10 दिन पहले बेंगलुरु घूमने गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह शहर के बलदेव रोड पर अपने दो दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान दो कारों में सवार करीब 5 युवक वहां पहुंचे और पहले उसे टक्कर मारी।
टक्कर लगने से गिरते ही बदमाशों ने दलाराम पर लोहे के सरियों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से उसके साथ मौजूद साथी घबरा कर मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही वरथूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई अशोक पटेल ने बताया कि घटना की सूचना देर रात फोन पर मिली, जिसके बाद परिजन बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है और इस घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।



