पाली : बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज, छात्राओं को कानून और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

पाली : पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के तहत पाली जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानपुरा भाखरी में महिला अधिकारिता विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य शीला कनौजिया ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पन्नाधाय केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास, परामर्शदाता एवं विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत तथा जिला विधिक सलाहकार मांगीलाल तंवर द्वारा की गई।

इस दौरान बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों और शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि कम उम्र में विवाह करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवाह के लिए लड़कों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और लड़कियों की 18 वर्ष निर्धारित है।

कार्यक्रम में छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए बाल विवाह उन्मूलन के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामलाल सहित विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को जागरूक कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।



