पाली : किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, माहवारी स्वच्छता, पोषण और बाल विवाह पर छात्राओं को दी अहम जानकारी

पाली : जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के तहत मारवाड़ जंक्शन स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण द्वितीय दिवस पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार किया गया। इसकी शुरुआत पन्नाधाय केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास एवं विधिक सलाहकार भाग्यश्री गहलोत द्वारा विद्यालय के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में की गई।

कार्यक्रम में बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी नैपकिन के सही उपयोग, समय-समय पर बदलाव और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की एएनएम मीरा ने मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की।
सुपरवाइजर करीना हंस ने एनीमिया के दुष्प्रभावों और आयरन, फोलिक एसिड व कैल्शियम के महत्व को समझाया। वहीं तालुका विधिक सेवा समिति के अधिकार मित्र मोहम्मद आसिफ ने बाल विवाह के नुकसान और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को 181, 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित कर बालिकाओं के हाथों पर जागरूकता संदेश उकेरे गए।
विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ—विद्या रामनानी, उर्मिला, कमला शर्मा, गीता सहित करीब 100 बालिकाएं उपस्थित रहीं।



