google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान की शुरुआत, छात्रों को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का दिया ज्ञान

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे (परिवर्तनकारी मंगलवार)” अभियान की शुरुआत पाली जिले में प्रभावी रूप से की गई। इस अभियान का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और समकालीन सामाजिक व साइबर मुद्दों के प्रति जागरूक बनाना है।

अभियान के तहत जिला एवं तालुका स्तर पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेंद्र कुमार ने पीएमश्री राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाली में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और दुरुपयोग के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने साइबर कानून, साइबर अपराध, ऑनलाइन सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही ऑनलाइन गेमिंग की लत के दुष्परिणाम बताते हुए छात्रों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और डिजिटल सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने पीएम श्री सेठ मुकनचंद बालिया उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को व्यक्तिगत डेटा सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड के उपयोग और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से सतर्क रहने के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी अभिभावकों या संबंधित अधिकारियों को दें।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में “कोर्ट वाली दीदी” शिकायत पेटी भी स्थापित की गई, जिससे छात्र अपनी समस्याएं गोपनीय रूप से दर्ज करा सकें। साथ ही बच्चों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों और विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बसंत परिहार, गुरप्रीत सिंह, अंबुज पंचौरी, प्रतिभा पांडे एवं मांगीलाल तंवर सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। यह अभियान विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित और जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button