पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक, चित्तौड़गढ़ सम्मेलन की गूंज, पेंशन बढ़ाने और स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठी मांग

पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति पाली की साप्ताहिक बैठक मंगलवार को करण सिंह चाली स्थित सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सदस्य लुण सिंह राठौड़ ने की, जबकि संचालन महामंत्री नरपत सिंह कुम्पावत की उपस्थिति में हुआ।
बैठक में 4 व 5 अप्रैल को चित्तौड़गढ़ में आयोजित प्रांतीय सम्मेलन की गतिविधियों और निर्णयों पर विस्तृत चर्चा की गई। महामंत्री कुम्पावत ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष भंवर सेठ ने वरिष्ठ नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन को महंगाई से जोड़ते हुए न्यूनतम 5000 रुपये मासिक करने, वरिष्ठजनों की देखभाल के लिए केयरटेकर नियुक्ति, रेलवे रियायत पुनः लागू करने और अस्पतालों में जेरियाट्रिक वार्ड स्थापित करने की मांग प्रमुख रही।

सम्मेलन में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने इन मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, सुरेश धाकड़ एवं चंद कृपलानी ने भी सम्मेलन में भाग लेकर विचार व्यक्त किए।
पाली से शामिल 27 सदस्यों ने सम्मेलन के अनुभव साझा किए और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए वरिष्ठ नागरिक समिति चित्तौड़गढ़ को धन्यवाद प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया।

बैठक में आगामी 12 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। नूतन बाला कपिला एवं डॉ के. एम शर्मा ने स्वस्थ जीवनशैली पर विचार रखे। वहीं डॉ शिवानी वैष्णव ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, दंत स्वास्थ्य और बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता भी फैलाई गई और पोस्टर के माध्यम से इसके दुष्प्रभाव बताए गए। बैठक में सचिव दिनेश दवे सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।



