विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पाली में जागरूकता की लहर, ‘विज्ञान के साथ स्वास्थ्य’ का दिया संदेश, जांच व रैलियों का आयोजन

पाली : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पाली जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “Together for Health, Stand with Science” के अनुरूप आमजन को वैज्ञानिक और प्रमाणित स्वास्थ्य उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों के दौरान ओपीडी में आने वाले मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। साथ ही रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य जांचें भी की गईं। कई स्थानों पर रैलियां निकालकर “स्वस्थ शरीर – स्वस्थ समाज” का संदेश दिया गया और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग ने बताया कि स्वास्थ्य भवन में संगोष्ठी आयोजित कर स्वास्थ्य कर्मियों को भी जागरूक किया गया, ताकि वे आमजन को बेहतर सेवाएं दे सकें और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दें।

इसी दिन एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के तहत “शक्ति दिवस” भी मनाया गया। एडिशनल सीएमएचओ डॉ. जीतकुमार गुर्जर ने बताया कि बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच कर आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां एवं बच्चों को सिरप वितरित किया गया।
जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमित जांच, स्वच्छता और वैज्ञानिक स्वास्थ्य उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



