पाली : ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान, छात्रों को साइबर क्राइम और बाल विवाह के खिलाफ किया जागरूक

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे” (परिवर्तनकारी मंगलवार) अभियान के तहत पाली जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक-कानूनी मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनाना है।
इसी क्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) विक्रम सिंह भाटी द्वारा सूरज शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय, इन्द्र विहार पाली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, फेक सोशल मीडिया अकाउंट, ई-मेल/मैसेज धोखाधड़ी और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही डिजिटल डेटा को सुरक्षित रखने के महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए गए।
सचिव भाटी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने नालसा पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर और विधिक सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन या विधिक सेवा प्राधिकरण को देने की अपील की।
विद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत पेटी भी स्थापित की गई, जिससे छात्र अपनी समस्याएं और सुझाव गोपनीय रूप से साझा कर सकें।

वहीं, दूरस्थ गांवों और ढाणियों में विधिक जागरूकता फैलाने के लिए मोबाइल वैन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। यह वैन पाली शहर सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता, राष्ट्रीय लोक अदालत, पॉश एक्ट, शी-बॉक्स पोर्टल, वरिष्ठ नागरिक योजनाएं और अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान पेम्पलेट्स और पोस्टर वितरित कर लोगों को कानून के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया।



