पाली : स्वच्छता पर निगम का बड़ा एक्शन, सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त, ₹15,200 का जुर्माना

पाली : जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी के निर्देश और नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के आदेश पर पाली शहर में स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान चलाया।
डीएसओ टीम और स्वास्थ्य शाखा द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य निरीक्षक कालुराम आदिवाल ने जोधपुर रोड क्षेत्र में कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹4500 का जुर्माना वसूला। वहीं कानाराम रल ने सूरजपोल चौराहा क्षेत्र से करीब 9 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त कर ₹8000 का जुर्माना लगाया।

अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई जारी रही, जिसमें मस्ताना बाबा चौराहा पर ₹200, मंडिया रोड पर ₹200, महाराणा प्रताप चौराहा पर दुकानदारों से ₹1000 व कचरा फैलाने वालों से ₹300 तथा सिंधी कॉलोनी में ₹1000 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान कुल ₹15,200 का जुर्माना वसूल किया गया। साथ ही लोगों को स्वच्छता और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समझाइश भी दी गई।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने कहा कि यह कार्रवाई आमजन के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि कचरा इधर-उधर न फैलाएं और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद कर स्वच्छ पाली बनाने में सहयोग करें।



