पाली : मलेरिया-डेंगू पर वार, 14 मई तक चलेगा विशेष ‘क्रेश प्रोग्राम’, घर-घर सर्वे और सख्त निगरानी

पाली : जिले में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चिकित्सा विभाग ने पाली शहर सहित पूरे जिले में “मलेरिया क्रेश प्रोग्राम” के तहत विशेष अभियान शुरू किया है, जो 14 मई तक जारी रहेगा।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। एएनएम, सीएचओ और आशा सहयोगिनियां घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं और बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच की जा रही है।
संदिग्ध मरीजों के ब्लड स्लाइड और रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट के माध्यम से मलेरिया की पुष्टि की जा रही है तथा पॉजिटिव पाए जाने पर तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

अभियान के दौरान जागरूकता गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए एंटी लार्वा और एंटी एडल्ट गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य टीमें घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा पानी की पहचान कर उसे हटवा रही हैं।
लोगों को कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायर और अन्य बर्तनों की नियमित सफाई करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं अधिक प्रभावित क्षेत्रों में नालियों की सफाई और जल स्रोतों की जांच कर सोर्स रिडक्शन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए अपने आसपास पानी जमा न होने दें और स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें।



