google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : साप्ताहिक समीक्षा बैठक, जिला कलक्टर ने योजनाओं की प्रगति पर जताई सख्ती, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पाली : जिला कलक्टर की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कलक्टर ने राजउन्नति योजना, भूखंड आवंटन, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पर्क पोर्टल एवं 181 हेल्पलाइन पर दर्ज प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के साथ ही असंतुष्ट परिवादियों से सीधे संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।

कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग, पीएचईडी, जल संसाधन एवं खनन विभाग के लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए उनके वित्तीय व भौतिक प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस को जर्जर भवनों को चिन्हित कर हटाने, स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए।

नगर निगम एवं डिस्कॉम से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए शहर में सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और अन्य आधारभूत सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। बांगड़ चिकित्सालय में दवाइयों की उपलब्धता, कूलर-पंखों की व्यवस्था, निःशुल्क जांच, ब्लड स्टॉक एवं एसी रिपेयर जैसे मुद्दों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वन विभाग की योजनाओं जैसे मातृ वन, लव कुश वाटिका एवं वन मित्र योजना के साथ कृषि, बागवानी और सहकारिता विभाग की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पेंशन सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, आईएएस बिरजू गोपाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके साथ ही जानकारी दी गई कि जिला प्रभारी सचिव पी. रमेश सोमवार को पाली दौरे पर रहेंगे और प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक लेकर जिले के कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button