पाली में झूलेलाल मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारी, 6 से 8 मई तक होंगे तीन दिवसीय कार्यक्रम

पाली : सिंधी समाज के आराध्य झूलेलाल भगवान के 25वें वंशज पूज्य ठकुर सांई ओमलाल साहिब की मूर्ति स्थापना को लेकर पाली में तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में श्री झूलेलाल ठकुर आसनलाल मंदिर, पी एंड टी कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
सेवादार हेमंत तनवानी ने बताया कि 6, 7 और 8 मई को आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन ठकुर सांई आसनलाल साहिब के जन्मोत्सव के उपलक्ष में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान झूलेलाल भगवान के 26वें वंशज ठकुर सांई मनीषलाल साहिब (सांई भरूच वारा) की दिव्य उपस्थिति में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

तीन दिवसीय आयोजन के तहत भव्य शोभायात्रा, हवन-यज्ञ, बहिराणा साहिब पूजन और भंडारा साहिब सहित कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मूर्ति स्थापना से पूर्व सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजन किया जाएगा, जिसके बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, जिम्मेदारियों और कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समाज के सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजन को लेकर सिंधी समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर के सेवादार आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।



