पाली : कांग्रेस ने मनाई डॉ. आंबेडकर जयंती, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

पाली : भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पाली जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत सूरजपोल स्थित अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जहां कांग्रेसजनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में बाबा साहब की तस्वीर पर भी पुष्प अर्पित किए गए।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें नेताओं, शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों ने डॉ. आंबेडकर के जीवन, उनके संवैधानिक दृष्टिकोण और वर्तमान समय में लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने कहा कि भारत की असली ताकत उसके संविधान में निहित है और इसे मजबूत बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बाबा साहब के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र की रक्षा पर जोर दिया।

वहीं शहर ब्लॉक अध्यक्ष हकीम भाई और अन्य वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर ही देश को मजबूत और समावेशी बनाया जा सकता है। उन्होंने संविधान की रक्षा और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे।



