पाली : सुमेरपुर में नकली घी का बड़ा भंडाफोड़, 8 घंटे की कार्रवाई में सैकड़ों टीन जब्त, कई आरोपी गिरफ्तार

पाली/सुमेरपुर : पाली जिले के सुमेरपुर कस्बे में नकली घी के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। संजय नगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात करीब 8 घंटे तक चली कार्रवाई में मिलावटी घी बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नकली घी, पैकिंग सामग्री और मशीनरी जब्त की है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि एक गोदाम में पाम ऑयल और हानिकारक केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा है और उसे अमूल, सरस, नोवा, कृष्णा और बनास जैसी नामी कंपनियों के नाम से पैक कर बाजार में बेचा जा रहा है।

सूचना के आधार पर टीम ने गोदाम पर दबिश दी, जहां से 15 किलोग्राम क्षमता के करीब 150 टीन नकली घी बरामद किए गए। इसके अलावा टेट्रा पैक में करीब 260 किलोग्राम संदिग्ध घी भी जब्त किया गया। मौके से विभिन्न ब्रांड के पैकिंग मैटेरियल और सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन भी बरामद हुई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने 6 नमूने जांच के लिए लिए। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पाम ऑयल में केमिकल मिलाकर नकली घी तैयार किया जा रहा था और उसे नामी कंपनियों के नाम से बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
पुलिस जांच में इस अवैध कारोबार से जुड़े रूपसिंह जाखोड़ा का नाम सामने आया है। मौके पर नकली घी की पैकिंग करते हुए पर्वतसिंह, खुशाल सुथार सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई में जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया। वहीं सरस विभाग ने ट्रेडमार्क के दुरुपयोग के मामले में सुमेरपुर थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि जब्त नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे बिना बिल या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की खरीद से बचें और मिलावट की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
इस बड़ी कार्रवाई से जिले में मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि ऐसे अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




