पाली : सोजत में पहली बार महिला ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, किराने की दुकान की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार

पाली/सोजत : पाली जिले के सोजत शहर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहली बार एक महिला ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अपने घर में संचालित किराने की दुकान की आड़ में गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बेच रही थी।
सोजत डीएसपी रतनाराम देवासी ने बताया कि अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलाड़िया गेट क्षेत्र में एक घर में संचालित किराना दुकान से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह देवड़ा के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर घेवरराम के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार सुबह आरोपी महिला के घर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 54 ग्राम गांजा और सिगरेट में मिलाकर सेवन किए जाने वाले नशीले रैपर बरामद किए। इसके बाद महिला तस्कर इंदिरा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



