पाली : बांगड़ कॉलेज में उच्च शिक्षा की बड़ी समीक्षा बैठक, फिनिशिंग स्कूल लैब का उद्घाटन, नए कोर्स की शुरुआत

पाली : पाली के राजकीय बांगड़ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को उच्च शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्च एवं तकनीकी शिक्षा) कुलदीप रांका ने की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि बैठक में पाली जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने भाग लिया। इस दौरान एईडीपी कार्यक्रम, स्कूटी योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने राजस्थान फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम के अंतर्गत स्थापित लैब का उद्घाटन किया। साथ ही महाविद्यालय में एडवांस पैटर्न मेकर कोर्स का शुभारंभ किया गया, जो विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संयुक्त निदेशक डॉ. श्रुति गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस कोर्स के माध्यम से मिलने वाले प्लेसमेंट अवसरों की जानकारी दी और उन्हें कौशल आधारित शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा के संयुक्त निदेशक शोभाराम कुमावत, विजय सिंह जाट, रविकांत शर्मा, दिलीप गोयल, सहायक निदेशक बलवीर चौधरी, राजेश्वर सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य और संकाय सदस्य उपस्थित रहे। यह बैठक पाली जिले में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।



