पाली में जिला स्तरीय जनसुनवाई, 66 परिवादों की सुनवाई, कलेक्टर ने 6 मामलों का मौके पर किया निस्तारण

पाली : पाली में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने की, जिसमें आमजन की समस्याओं को सुनकर समाधान के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के साथ ही जिला सतर्कता समिति की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें कुल 11 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस दौरान पाली विधायक भीमराज भाटी भी जनसुनवाई में मौजूद रहे।
जनसुनवाई में कुल 66 परिवादों की सुनवाई की गई, जिनमें राजस्व विभाग के 8, स्वायत्त शासन के 18, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 3, पुलिस के 3, चिकित्सा विभाग के 2, पंचायती राज के 5, सिविल के 6 और अन्य 14 प्रकरण शामिल रहे। सभी मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जयपुर से मुख्य सचिव भी इस बैठक में जुड़े और विभिन्न मामलों की प्रगति की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, ओम प्रभा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन चंद्र, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि ब्लॉक स्तर के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े। प्रशासन की इस पहल को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



