अक्षय तृतीया पर सेवा का संदेश, पाली में पक्षियों के लिए लगाए गए परिंडे, गर्मी में राहत की अनोखी पहल

पाली : अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर पाली में पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल देखने को मिली। महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली द्वारा राजकीय बांगड़ महाविद्यालय पाली परिसर में पेड़ों पर पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए।
समिति के अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर अधिक से अधिक परिंडे लगाए जाएंगे, ताकि पक्षियों को पानी की सुविधा मिल सके।

महाविद्यालय के प्राचार्य महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जीव-जंतुओं की सेवा अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिसर में कई बड़े और घने पेड़ हैं, जहां पक्षियों का आवागमन रहता है, ऐसे में परिंडों में नियमित पानी भरना भी जरूरी है।
समिति की मार्गदर्शिका कमला शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में समिति द्वारा राहगीरों के लिए ठंडे पानी के कैंपर, छायादार छतरियां और पानी की कुंडियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस सेवा कार्य में अचला शर्मा, शैफाली मेहता, आर.डी. वैष्णव, संध्या वैष्णव, हंसा डागर, कपिल वैष्णव, जितेंद्र आडवाणी, पिंकी वैष्णव सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। यह पहल न केवल पक्षियों को राहत देने वाली है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और सेवा भावना का भी सकारात्मक संदेश दे रही है।



