पाली : आस्था का महाकुंभ, वर्षीतप पारणा महोत्सव में 700 श्रद्धालुओं की सहभागिता

पाली। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्री सकल संघ पाली के तत्वावधान में वर्षीतप पारणा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच भव्य रूप से आयोजित हुआ। यह आयोजन गुरू पुष्कर जैन साधना केन्द्र संस्थान में शान्त क्रांति संघ के आचार्य भगवन्त श्री विजयराजजी म.सा. की निश्रा में सम्पन्न हुआ।

महोत्सव में आचार्यश्री के 14 शिष्यों एवं पूज्य महासती राजश्री महाराज की 7 शिष्याओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। देशभर से आए 55 तपस्वियों सहित करीब 700 श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लेकर भक्ति का अद्भुत वातावरण बनाया।
आचार्य श्री विजयराजजी म.सा. ने अपने प्रवचन में वर्षीतप को महान साधना बताते हुए कहा कि यह आत्मा की शुद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है और पूर्व जन्मों के कर्मों की निर्जरा कर मोक्ष की राह को सरल बनाता है।

श्री जैन रत्न हितैषी छात्रावास में आयोजित पारणा कार्यक्रम में तपस्वियों का इक्षुरस से पारणा कराया गया। इस दौरान अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी शान्त क्रान्ति जैन श्रावक संघ सहित स्थानीय संघों के पदाधिकारियों ने तपस्वियों का सम्मान हार, दुपट्टा और शॉल ओढ़ाकर किया।
कार्यक्रम में राजू भुरट (अध्यक्ष), वीरेन्द्र मन्दसौर (महामंत्री), ओमप्रकाश लुणावत, विनय भंसाली, गौतमचंद छाजेड़ सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न जैन संघों एवं संस्थाओं के सहयोग से आयोजन को सफल बनाया गया।

व्यवस्थाओं में चन्द्रसिंह रांका, उत्तम पोखरणा, राजेश हिंगड़, हर्ष बोहरा, पारस भंडारी, सुनील बांठिया, तरुण हिंगड़ सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा, जिसने इसे एक यादगार और प्रेरणादायक आयोजन बना दिया।




