पाली डेयरी में 500 टन क्षमता का गोदाम और नया वेटब्रिज शुरू, स्टोरेज और सुविधा बढ़ी

पाली। पाली जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ परिसर में सोमवार को नए गोदाम और आधुनिक वजन कांटे (वेटब्रिज) का उद्घाटन किया गया। डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह बिठिया व संचालक मंडल के सदस्यों ने फीता काटकर दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया।

अध्यक्ष बिठिया ने बताया कि करीब 1 करोड़ 5 हजार रुपए की लागत से 500 टन क्षमता का गोदाम तैयार किया गया है, जिसमें घी और दूध पाउडर का सुरक्षित भंडारण किया जाएगा। गोदाम को दो हिस्सों में विकसित किया गया है—एक एसी युक्त भाग में घी रखा जाएगा, जबकि दूसरे हिस्से में दूध पाउडर स्टोर किया जाएगा। इससे डेयरी की स्टोरेज क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इसके साथ ही 33 लाख रुपए की लागत से तैयार 80 टन क्षमता के नए वजन कांटे का भी उद्घाटन किया गया। पहले यहां 20 टन क्षमता का पुराना वेटब्रिज था, जो करीब 20 साल से उपयोग में था। नए वेटब्रिज से तौल प्रक्रिया अधिक सटीक और सुगम होगी।

कार्यक्रम में पर्वतसिंह वोपारी, आनन्दसिंह कुरना, देवीसिंह दूदिया, मनोहरसिंह भारून्दा, समदरसिंह आकडावास, दलपतसिंह सरदारसमंद, राजेश वैष्णव मालपुरिया, कालूराम सिंगला, नगेन्द्रसिंह गुडा बिच्छू सहित कई संचालक मंडल सदस्य मौजूद रहे।



